नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस ; बच्चों ने दी बेहतरीन और मनमोहक प्रस्तुतियां

नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस

बच्चों ने दी बेहतरीन और मनमोहक प्रस्तुतियां


डिण्डौरी।
जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत नर्मदांचल विद्यापीठ, बरगांव में 26 जनवरी को 77वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिससे संपूर्ण विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनजाति कल्याण केंद्र के अध्यक्ष मनोहर लाल साहू, केंद्र सचिव डॉ. सुनीलकांत बाजपेयी एवं प्रकल्प प्रमुख श्याम जी भाई साहब की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधन में संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हिंदी, अंग्रेज़ी एवं संस्कृत भाषाओं में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। साथ ही संविधान पर आधारित प्रेरणादायक नाटक, मनमोहक देशभक्ति नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने गणतंत्र दिवस के महत्व और उसके उद्देश्य को प्रभावी रूप से दर्शाया।
बच्चों की प्रस्तुतियाँ अत्यंत सराहनीय रहीं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ-साथ ग्रामवासी भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिससे समारोह और अधिक भव्य एवं सफल रहा।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय में वर्षभर आयोजित विभिन्न गतिविधियों—राखी प्रतियोगिता, दीपावली प्रतियोगिता एवं विगत शैक्षणिक वर्ष में उत्कृष्ट शैक्षणिक परिणाम प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन हुआ।
समारोह के समापन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सुरभि पांडेय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्र निर्माण में शिक्षा की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला।

Leave a Comment