
नर्मदांचल विद्यापीठ बरगांव का शानदार परीक्षा परिणाम, ऊर्जा अग्रवाल ने जिले में तीसरा स्थान पाया

डिण्डौरी।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में नर्मदांचल विद्यापीठ बरगांव ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कक्षा 10वीं एवं 12वीं में शानदार सफलता हासिल की है। विद्यार्थियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर उच्च अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
कक्षा 10वीं में ऊर्जा अग्रवाल ने 500 में से 484 अंक (96.8%) प्राप्त कर जिले की प्रावीण्य सूची में तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं प्रिया साहू और दिशा गुप्ता ने 467-467 अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। श्री साहू (462), श्रेयांश साहू (456) और प्रतिभा झारिया (449) भी शीर्ष सूची में शामिल रहे।
कक्षा 12वीं में आरज़ू गोस्वामी ने 407 अंक (81.4%) के साथ पहला स्थान प्राप्त किया। अनुराग झारिया (389), अन्वेषा झारिया (388), प्रियंका मार्को (361) और अक्षिता झारिया (354) ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।
