नर्मदांचल विद्यापीठ बरगांव के नवीन भवन का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न



शहपुरा (डिण्डौरी)।
जनजातीय अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित नर्मदांचल विद्यापीठ बरगांव के नवीन भवन का तीन दिवसीय भव्य लोकार्पण समारोह सम्पन्न हुआ। यह आयोजन जनजाति कल्याण केंद्र महाकोशल एवं एसईसीएल के सहयोग से आयोजित किया गया।



पहले दिन अखंड रामायण पाठ, दूसरे दिन 51 कुण्डी हवन यज्ञ में 21 यजमानों द्वारा आहुति एवं कन्या पूजन संपन्न हुआ। तीसरे दिन मुख्य अतिथियों के उद्बोधन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ समारोह का समापन हुआ।

मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. मनमोहन वैद्य, अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल सदस्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथियों में प्रदीप दुबे, प्रांत संघ चालक; डॉ. एच.पी. सिंह, न्यायविद्, उच्च न्यायालय जबलपुर; तथा कैलाश चंद्र साहू, महाप्रबंधक, एसईसीएल बिलासपुर शामिल रहे।



डॉ. मनमोहन वैद्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि —

“विद्यापीठ में बच्चे संस्कार और अध्ययन से अच्छे बनते हैं, न कि भवन से। शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी पाना नहीं, बल्कि अच्छे नागरिक बनना और समाज के लिए उपयोगी कार्य करना होना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को नियमित व्यायाम और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
सस्तांग प्रणाम और मन का संयम जैसे व्यवहार जीवन में अनुशासन लाते हैं।
उन्होंने बंदर और केले का उदाहरण देते हुए बताया कि “संयम रखने वाला व्यक्ति ही सच्ची सफलता प्राप्त करता है।”

डॉ. वैद्य ने आगे कहा कि –
“हर व्यक्ति को नौकरी मिलना संभव नहीं है, इसलिए विद्यार्थियों को स्वावलंबन और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। जॉब सीकर नहीं, जॉब गिवर बनें।”
उन्होंने महाराष्ट्र के एक गुरुकुल का उदाहरण देते हुए बताया कि वहाँ विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ 1 लाख रुपये का डिपॉजिट कर उद्यमिता का प्रशिक्षण लेते हैं।
ऐसे ही प्रयोग नर्मदांचल विद्यापीठ में भी किए जाने की प्रेरणा दी।

समारोह में मंच संचालन  सुश्री सुरभि पांडे ने और अंत में मूलचंद साहू ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और उपस्थित जनसमुदाय का आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

“ज्ञान की गंगा यहीं से बहे, सेवा का दीप सदा यहीं जले।”
इसी संदेश के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Comment