जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया का शहपुरा दौरा, योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित


जबलपुर संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया का शहपुरा दौरा, योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित

डिण्डौरी, शहपुरा।
जबलपुर संभाग के संभागायुक्त धनंजय सिंह भदौरिया ने गुरुवार को डिण्डौरी जिले के शहपुरा जनपद पंचायत कार्यालय का भ्रमण कर विभिन्न विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। जनपद सभागार में आयोजित इस समीक्षा बैठक में डिण्डौरी कलेक्टर नेहा मारव्या, जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर सहित सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संभागायुक्त ने सहकारिता, मत्स्य, जल निगम, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, नगरीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, विद्युत विभाग सहित राजस्व प्रकरणों जैसे सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं भू-अर्जन की गहन समीक्षा की। तहसीलदारों व एसडीएम को लंबित न्यायालयीन प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने सहकारिता व मत्स्य विभाग को सभी समितियों के खाते खोलने की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

पोषण व महिला-स्वास्थ्य योजनाओं पर विशेष जोर
शहपुरा तहसील कार्यालय में आयोजित महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त पोषण समीक्षा बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि अंतर्विभागीय समन्वय से ही बच्चों व महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार संभव है। परियोजना सीडीपीओ की लापरवाही पर स्पष्टीकरण लेने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने पोषण ट्रैकर, संपर्क, एमआईएस, अनमोल व आरसीएस पोर्टल पर समय पर डाटा एंट्री सुनिश्चित करने और फील्ड विजिट्स से सत्यापन कराने को कहा। साथ ही, टेक होम राशन, मातृ वंदना योजना एवं एएनसी पंजीयन की भी समीक्षा की गई।

विद्यालय, छात्रावास और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण
संभागायुक्त ने अंग्रेजी कन्या आश्रम शाला शहपुरा व शासकीय प्राथमिक शाला सुहगी का निरीक्षण कर बच्चों की उपस्थिति, पठन-पाठन और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। उन्होंने सुहगी आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण कर बच्चों की पंजी व उपस्थिति की जानकारी ली। सीडीपीओ को निर्देशित किया गया कि बच्चों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करें।

स्वास्थ्य सेवाओं और निर्माण कार्यों का अवलोकन
शहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण, पंजीयन और पोर्टल में प्रविष्टियों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


साथ ही, संभागायुक्त ने सांदीपनि विद्यालय शहपुरा में निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर कार्य की गुणवत्ता और डिज़ाइन के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।

संभागायुक्त का स्पष्ट निर्देश
अंत में संभागायुक्त धनंजय सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में कोई लापरवाही न हो तथा सभी कार्य समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं।


 

Leave a Comment