डिण्डौरी की पंचायतों में गड़बड़झाला: कहीं 120 रु. का लड्डू तो कहीं बीड़ी-माचिस और जिलाध्यक्ष के नाम का फर्जी बिल!

डिण्डौरी की पंचायतों में गड़बड़झाला: कहीं 120 रु. का लड्डू तो कहीं बीड़ी-माचिस और जिलाध्यक्ष के नाम का फर्जी बिल

भीमशंकर साहू, मोर डिण्डौरी।
पंचायतों में हो रहे भ्रष्टाचार और अपारदर्शी खर्च को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। शहडोल के बाद अब डिण्डौरी जिले की पंचायतों में हुए अजीबोगरीब खर्चों के बिल चर्चा का विषय बन गए हैं। कहीं भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम के नाम पर यात्रा बिल, तो कहीं 120 रुपए के लड्डू और हजारों की बीड़ी-माचिस की खरीद — ये सब सरकारी राशि से भुगतान किया गया है।

मामला 1: जिलाध्यक्ष के नाम पर फर्जी यात्रा बिल

डिण्डौरी जिले के बजाग जनपद क्षेत्र की मझियाखार ग्राम पंचायत में भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू नेताम के आगमन के लिए ट्रांसपोर्ट का बिल लगाया गया। बताया गया कि वाहन क्रमांक MP 52 TA 0750 के ज़रिए नेताम को गांव से डिण्डौरी लाया गया और इसके एवज में ₹2500 का भुगतान कर दिया गया।

लेकिन जब इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष चमरू सिंह नेताम से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने साफ कहा, “मैं कभी इस गांव में गया ही नहीं। इस बिल की मुझे कोई जानकारी नहीं है। दोषियों पर कड़ी कार्यवाही होनी चाहिए।”

मामला 2: बीड़ी-माचिस और ₹120 का लड्डू

समनापुर जनपद की अंडई ग्राम पंचायत में तो हद पार हो गई। यहां ₹14,320 के सामान खरीदे जाने का बिल पेश किया गया, जिसमें 12 लड्डुओं के लिए ₹1040 (₹120 प्रति लड्डू) और 10 पैकेट बंगला बीड़ी के लिए ₹3700 का भुगतान शामिल है।

जब पंचायत सचिव प्रेमसिंह से पूछा गया, तो उन्होंने गलती मानते हुए कहा, “यह आदिवासी जिला है। स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस पर ग्रामीणों को सम्मान देने के लिए बीड़ी दी जाती है। यह प्रावधान में नहीं है, लेकिन गलती से भुगतान हो गया, भविष्य में ऐसा नहीं होगा।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “लड्डू एक पैकेट ₹120 का है, न कि एक लड्डू।”

 

कांग्रेस का आरोप और प्रशासन का एक्शन

इस मामले पर कांग्रेस नेता रामजी साहू ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंचायतों में खुलेआम भ्रष्टाचार हो रहा है और जिम्मेदार मौन हैं।

वहीं अब जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर ने कहा है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Comment