निवास में अवैध शराब के साथ डिण्डौरी के 2 गिरफ्तार, 345.6 लीटर शराब और पिकअप वाहन जब्त

निवास में अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार, 345.6 लीटर शराब और पिकअप वाहन जब्त

निवास: थाना निवास पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 345.6 लीटर अंग्रेजी शराब और एक पिकअप वाहन जब्त किया, जिसकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 12.77 लाख रुपये है।

12 जुलाई की रात, थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन (नंबर MP52ZB5707) जबलपुर से निवास होते हुए डिंडोरी की ओर जा रहा है, जिसमें अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने खड़देवरी, भीखमपुर तिराहा, निवास-जबलपुर रोड पर नाकाबंदी की। मौके पर वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में कुरकुरे के 8-10 बंडलों के नीचे छिपाई गई 39 पेटी शराब बरामद की गई। इसमें 15 पेटी एम.डी. रम (129.6 लीटर, कीमत 1,29,600 रुपये) और 24 पेटी जिनियस ट्रिपल एक्स रम (216 लीटर, कीमत 1,47,600 रुपये) शामिल थी। शराब के साथ पिकअप वाहन, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, को भी जब्त किया गया।

वाहन चालक गगन बनवासी (34) और सहयात्री सुकाली बनवासी (25), दोनों निवासी ग्राम देवरा, जिला डिंडोरी, को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 147/25 दर्ज किया गया।

Leave a Comment