

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर
करौंदी में युवाओं ने किया पौधारोपण
पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
डिण्डौरी। जिले के शहपुरा विकासखंड क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी में युवाओं ने मिलकर विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर पौधारोपण महा अभियान के तहत नीम के पौधे का रोपण किया। युवाओं ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमारी टीम धारा सरस्वती शैक्षणिक एवं समाज उत्थान समिति लगातार तीन-चार वर्षों से हर रविवार को एवं अन्य शुभ अवसरों पर पौधा रोपण महा अभियान चलाते हुए पौधे लगा रही है साथ ही हम इसकी देखभाल और संरक्षण करने में भी जुटे हुए हैं। ताकि, आने वाली पीढ़ी को ताजी हवा मिल सके इसी उद्देश्य के साथ लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप लोग भी आगे आएं और आज विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पौधा अवश्य लगाएं।

धारा सरस्वती शैक्षणिक एवं समाज उत्थान समिति के सचिव एडवोकेट निर्मल कुमार साहू ने कहा कि हमारी समिति लगातार पौधारोपण करते आ रही है और लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है। 4 साल पहले 5 जून सन 2021 को हमने आंवले के दो पौधे लगाए हुए थे जो कि आज विशाल वृक्ष बनकर तैयार हो चुके हैं। हम सभी से अपील करते हैं कि आप भी हमारे साथ जुड़िए और पौधारोपण महा अभियान को सार्थक बनाते हुए पौधे लगाइए।
समिति के मीडिया प्रभारी पत्रकार भीमशंकर साहू ने कहा कि हमारी टीम लगातार तीन-चार वर्षों से पौधारोपण करते आ रही है विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर आज हमने नीम के पौधे का शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल करौंदी के समीप पड़ी बंजर भूमि पर रोपण किया है। यहां हमने पूर्व में भी पौधे लगाए हैं जो कि आज बगीचा बन चुके हैं। आप भी एक पौधा अपने जीवन में अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल जरूर करें जिससे हमें और हमारी पीढ़ी को शुद्ध प्राण वायु मिल सके।
