

प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद आनन-फानन में जबलपुर से आकर ब्रांच मैनेजर ने दोपहर 12 बजे के बाद किया ध्वजारोहण
डिण्डौरी। जहां एक ओर पूरा देश स्वतंत्रता दिवस की 78 वीं वर्षगांठ बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मना रहा है। सुबह से ध्वजारोहण सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में किए गए। वहीं डिण्डौरी जिले के शहपुरा स्थित एक्सिस बैंक में सुबह ध्वजारोहण ही नहीं किया। जिसकी जानकारी सुबह लगभग साढ़े 10 बजे जागरूक नागरिकों के मीडिया को दी गई। और फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। बैंक के जिम्मेदारों ने पत्रकारों का फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा। प्रशासनिक अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी गई। जिसमें उच्च अधिकारियों के निर्देश पर तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और देखा कि ध्वज नहीं फहराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पंचनामा की प्रक्रिया शुरू कर ही रहे थे उतने समय कुछ देर बाद बैंक कर्मी पहुंचे और फिर तहसीलदार, नायब तहसीलदार व हल्का पटवारी की मौजूदगी में दोपहर 12 बजे के बाद ध्वजारोहण करवाया गया। वहीं इस मामले पर जब एक्सिस बैंक शहपुरा के ब्रांच मैनेजर नितेश कोष्टा से पत्रकारों ने सवाल किया तो वे गोलमोल जवाब देते हुए नज़र आए। नायब तहसीलदार शैलेष गौर ने कहा कि सोशल मीडिया एवं अन्य लोगों के माध्यम से हमें इसकी जानकारी मिली थी। हमने पंचनामा तैयार कर लिया है। प्रशासन के द्वारा इस मामले पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह लाजमी होगा कि प्रशासन इस मामले पर क्या कार्यवाही करता है?
