DCA डिंडोरी की पहली जीत में पीतांबर-रविराज चमके, मंडला को 19 रनों से हराया

कल शक्ति-डीसीए और कटंगी-अमरपुर के बीच होगा मुकाबला



डिण्डौरी। बिरसामुंडा स्टेडियम में डिस्ट्रिक क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में नमामि देवी नर्मदे गोल्ड कप में आज DCA डिंडोरी और मंडला का पुल मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी डिंडौरी के कप्तान रविराज बिलैया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। डिंडोरी की ओर से सलामी बल्लेबाज पीतांबर व अक्षय के बीच बनी 31 रनों की साझेदारी ने आक्रामक शुरुआत की, जिसका जबरदस्त फायदा बाद के बल्लेबाज ने भी उठाया, पीतांबर ने पहले अक्षय और फिर भूपेंद्र के साथ मिलकर अच्छी साझेदारियां निभाई। पीतांबर के आऊट होने के बाद भी डिंडोरी ने अपूर्व ठाकुर, मयंक और भुवनेंदर की बेहद आक्रामक बल्लेबाजी से रन गति बराबर अच्छी खासी बनाई रखी। हालांकि  मंडला बीच के ओवरों में डिंडोरी पर थोड़ा अंकुश जरूर लगाया, फिर भी डिंडोरी ने आखिर के कुछ ओवरों में अच्छी बल्लेबाजी कर, 164 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। डिंडोरी की ओर से भूपेंद्र ने 38, पीतांबर ने 30, भुवनेंदर ने 20अपूर्व ने 18 और मयंक ने 19 रन बनाए। मंडला की ओर से शिवेंद्र ने बेहतरीन गेंदबाजी कर महज 24 रन देकर 4 सफलताएं अर्जित की।
165 के टार्गेट का पीछा करने उतरी मंडला ने अपने पहले तीन विकेट 47 पर गंवा दिए, जिनमें से बेहद अनुशासित गेंदबाजी करते हुए कप्तान रविराज ने 2 और पीताम्बर ने 1 विकेट हासिल किया। लेकिन इसके बाद आदिल और अमित ने अर्धशतकीय साझेदारी कर डिंडोरी को बैकफुट पर धकेल दिया। खतरनाक साबित हो रही इस साझेदारी को लकी ने तोड़कर बेहतरीन बैटिंग कर रहे अमित को काट एंड बोल्ड आऊट कर चलता किया, यहीं से डिंडोरी ने मैच में वापसी कर थोड़ा नियंत्रण हासिल कर लिया, हालांकि इस दौरान आदिल जमे रहे और कुछ बेहतरीन शाट्स लगाते हुए अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ छोटी, किन्तु उपयोगी साझेदारियां कर मंडला को मैच में बनाए रखा। लेकिन दूसरे स्पेल में कप्तान रविराज और फिर पीतांबर ने बेहतरीन गेंदबाजी कर मंडला से मैच छीन लिया। पीतांबर ने 24 पर 4 और रविराज ने 31 पर 3 तीन सफलताएं हासिल कर डिंडोरी को 19 रनों से जीत दिलाई। पीतांबर को उनके बेहतरीन आल राउंड प्रदर्शन के लिए SDO (PIU) श्री राजेश विश्वकर्मा के आतिथ्य में प्लेयर आफ द मैच चुना गया।
बता दें कि जिले में यह पहली दफा हैं जब टर्फ विकेट पर लेदर बॉल से कोई टी 20 मैच खेला गया हो, वह भी आईसीसी के नियमों के मुताबिक खेला जा रहा है, जिसमें एमपीसीए से दो रजिस्टर्ड अम्पायर संदीप बख्श और सिकंदर खान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। मैच का आंखों देखा हाल जीवन बर्मन,पुलकित शुक्ला व शरद शर्मा द्वारा सुनाया गया। सभी मैचों का सीधा प्रसारण यू ट्यूब में Siddharth sports चैनल पर भी किया जा रहा है।

Leave a Comment