

शहपुरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शहपुरा में विद्यार्थियों को दी कानूनी जानकारी

शहपुरा (डिण्डौरी)। तहसील विधिक सेवा समिति शहपुरा द्वारा शुक्रवार को शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय शहपुरा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें भारतीय संविधान के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने समझाया कि कानून की जानकारी न होना व्यक्ति को कई बार अनजाने में अपराध की ओर धकेल देता है। इसलिए विधिक ज्ञान अत्यंत आवश्यक है।

न्यायाधीश श्याम ने अपराध की परिभाषा, उसके कारण और रोकथाम के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही, मोटर यान अधिनियम की जानकारी देते हुए हेलमेट के उपयोग, ड्राइविंग लाइसेंस, पीयूसी जैसे दस्तावेजों की अनिवार्यता को भी समझाया।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने न्यायाधीश महोदय से सवाल पूछे और कानून से जुड़ी विभिन्न जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। छात्रों का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम उनके लिए न सिर्फ ज्ञानवर्धक होते हैं, बल्कि सामाजिक रूप से जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में भी मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं।

शिविर में अधिवक्ता निर्मल कुमार साहू, अधिवक्ता विनय कुमार झारिया, विद्यालय के शिक्षक प्रशांत साहू, तहसील विधिक सेवा समिति के लिपिक महेंद्र कुड़ापे सहित विद्यालय स्टाफ एवं सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।