
करौंदी के प्रधानाध्यापक चुन्नीलाल साहू का हृदयाघात से आकस्मिक निधन
शिक्षा व सामाजिक जगत में शोक की गूंज

डिण्डौरी । जिले के शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत शासकीय एकीकृत पूर्व माध्यमिक विद्यालय करौंदी के प्रधानाध्यापक चुन्नीलाल साहू (58 वर्ष) का अचानक हृदयाघात के चलते निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से न केवल विद्यालय परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।
अचानक बिगड़ी तबीयत, जबलपुर पहुंचने से पहले तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, चुन्नीलाल साहू की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जबलपुर रेफर किया। लेकिन दुर्भाग्यवश जबलपुर पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
गुरुवार को नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
दिवंगत प्रधानाध्यापक चुन्नीलाल साहू का गुरुवार सुबह लगभग 11:30 से 12 बजे के बीच विधि-विधान से अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में शिक्षकगण, ग्रामीणजन, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं शुभचिंतकों की भारी उपस्थिति रही।


कर्मठ शिक्षक, संवेदनशील समाजसेवी के रूप में रही पहचान
स्व. चुन्नीलाल साहू शिक्षा के क्षेत्र में अनुशासनप्रिय, समर्पित और लोकप्रिय शिक्षक थे। वे सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक गतिविधियों में सदैव अग्रणी रहते थे तथा समाजहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाते थे।
अपूरणीय क्षति, हर आंख नम
उनके निधन से शिक्षा जगत को अपूरणीय क्षति हुई है। विद्यालय परिवार, शिक्षक संघ, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
