सांदीपनि विद्यालय शहपुरा में शिक्षिका सुश्री माया ठाकुर को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई



शहपुरा। स्थानीय सांदीपनि विद्यालय शहपुरा में वर्षों तक निष्ठापूर्वक सेवाएं देने के उपरांत शिक्षिका सुश्री माया ठाकुर को सेवानिवृत्ति के अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई। विद्यालय प्राचार्य यशवंत कुमार साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि सुश्री माया ठाकुर ने अपने सेवाकाल में विद्यार्थियों के शैक्षणिक उत्थान के साथ-साथ उनमें अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्राचार्य गणेश गौलिया, विद्यालय के पूर्व प्राचार्य संदीप सोनी, तथा करौंदी विद्यालय के प्राचार्य शिवचरण आर्मो, झगरहटा प्राचार्य सहित अन्य सहकर्मी शिक्षकों ने अपने विचार रखे। सभी ने सुश्री ठाकुर के कार्यनिष्ठा, मृदुभाषिता और समर्पण की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ और सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में सुश्री माया ठाकुर ने कहा कि विद्यालय और विद्यार्थियों के साथ बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम का संचालन सौहार्दपूर्ण और भावनात्मक माहौल में संपन्न हुआ।

Leave a Comment