दशहरा उत्सव को लेकर ग्राम करौंदी में हुई बैठक




शिवशक्ति चौक चौगान पर ग्रामवासियों व समितियों ने बनाई एकजुट होकर आयोजन की रूपरेखा

करौंदी, 29 सितम्बर 2025।
शिवशक्ति चौक चौगान ग्राम करौंदी में सोमवार को दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं ग्रामवासियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य दशहरा उत्सव को आपसी एकजुटता और सहयोग के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराना रहा। ग्राम की विभिन्न समितियों और नागरिकों ने उत्सव को अनुशासन, परंपरा और सांस्कृतिक गौरव के अनुरूप मनाने का संकल्प लिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्राम की सभी माता जी की प्रतिमाएँ शाम पांच बजे तक फुटबॉल ग्राउण्ड में एकत्रित होंगी। सभी प्रतिमाओं के एकत्र होने के बाद पारंपरिक रावण दहन का आयोजन किया जाएगा। चल समारोह का मार्ग भी तय किया गया, जिसके अनुसार प्रतिमाएँ शिवशक्ति चौक चौगान से रवाना होकर फुटबॉल ग्राउण्ड पहुँचेंगी।

संजय निकुंज की दोनों प्रतिमाएँ दोपहर तीन बजे तक चौगान पहुँचेंगी और नीमटोला मार्ग से होकर स्कूल मोहल्ला होते हुए आगे फुटबॉल ग्राउण्ड तक जाएँगी। फुटबॉल ग्राउण्ड समिति को यह जिम्मेदारी सौंपी गई कि प्रतिमाओं के आगमन तक सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली जाएँ।

बैठक में ग्राम के वरिष्ठजनों, समितियों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस वर्ष के दशहरा उत्सव को अनुशासन, भक्ति और सामूहिक एकता का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया। ग्राम करौंदी में इस बार दशहरा उत्सव भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मूर्तियों के चल समारोह, रावण दहन और सामूहिक भागीदारी को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।

Leave a Comment