स्वच्छता ही सेवा थीम पर शहपुरा में एनएसएस वर्षगांठ पर मैराथन दौड़ का आयोजन





शहपुरा। स्वच्छता ही सेवा थीम पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के वर्षगांठ अवसर पर शासकीय आदर्श महाविद्यालय शहपुरा की प्राचार्य डॉ. स्वीटी यादव के मार्गदर्शन में तथा एनएसएस इकाई प्रभारी डॉ. एल.एन. साहू एवं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. सुरेंद्र नागले के नेतृत्व में नगर परिषद शहपुरा के संयुक्त तत्वावधान में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।

इसमें नगर परिषद की सभी संस्थाओं, स्कूलों एवं उच्च शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ नगर बायपास रोड से प्रारंभ होकर नगर परिषद शहपुरा परिसर में संपन्न हुई।

शासकीय आदर्श महाविद्यालय शहपुरा के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिनमें बबलू परस्ते, सुमन सिंह मरावी और अमर सिंह तेकाम ने श्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया। विजेताओं को नगर परिषद शहपुरा द्वारा प्रमाणपत्र एवं शील्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक पूरन सिंह बरकड़े, डॉ. अनिल झरिया, भगवत सिंह धुर्वे, आलोक डहरिया, डॉ. शिवपाल पटेल, डॉ. बसंती चौहान, डॉ. शाहीन बेगम सहित अन्य प्राध्यापक एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश भवेदी उपस्थित रहे।

सभी प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित रूप से ये विद्यार्थी भविष्य में प्रेरणादायक उदाहरण बनेंगे। कार्यक्रम के दौरान सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाएं, स्वच्छ भारत–सफल भारत एवं महात्मा गांधी के स्वच्छता के सपनों को साकार करने का संकल्प लिया गया।

अंत में एनएसएस इकाई और रेड रिबन क्लब के वॉलिंटियर्स ने ग्रामीणजन एवं नगरवासियों को स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता का संदेश दिया तथा वर्षगांठ की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Comment