

समनापुर विकासखंड के सरई हायर सेकेंडरी स्कूल में 160 छात्र-छात्राओं को दी गई जानकारी
डिंडौरी। समनापुर विकासखंड के सरई हायर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण समिति के सफल क्रियान्वयन हेतु एचआईवी/एड्स सघन जन जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान डीटीओ डॉ. मनोज उरैती एवं बीएमओ सीएचसी डॉ. पी.एस. कुशराम के मार्गदर्शन में संचालित हुआ।
बच्चों को दी गई विस्तृत जानकारी
अभियान के दौरान काउंसलर बबीता मरावी ने 160 छात्र-छात्राओं को एचआईवी/एड्स के विषय में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि एचआईवी होने के मुख्य चार कारण होते हैं और इससे बचाव के उपाय सरलता से संभव हैं।
भ्रांतियों का किया निराकरण
बच्चों को यह भी समझाया गया कि एचआईवी साथ खाना खाने, मच्छर के काटने या सामान्य छूने से नहीं फैलता। इस तरह की भ्रांतियों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
यौन जनित रोगों की जानकारी
सत्र में यौन जनित रोगों जैसे हेपेटाइटिस-B, हेपेटाइटिस-C और सिफिलिस के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही टोल फ्री नंबर 1097 की जानकारी भी दी गई, जिस पर 24 घंटे किसी भी सवाल का समाधान मिल सकता है।
कार्यक्रम में शिक्षिका की उपस्थिति
बच्चों से प्रश्नोत्तर के माध्यम से बातचीत भी की गई और उन्हें सही जानकारी प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया गया। इस अवसर पर शिक्षिका सुश्री गरिमा मैडम भी मौजूद रहीं।
