
???? कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय गुरैया में विधिक जागरूकता शिविर एवं पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न

पौधारोपण महाअभियान का 164वां रविवार, 30 फलदार पौधे रोपे गए
शहपुरा (डिण्डौरी)। धारा सरस्वती शैक्षणिक एवं समाज उत्थान समिति के तत्वावधान में चल रहे पौधारोपण महाअभियान के अंतर्गत 164वें रविवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, गुरैया में विधिक जागरूकता शिविर एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिंडौरी के मार्गदर्शन में तहसील विधिक सेवा समिति शहपुरा द्वारा आयोजित किया गया।

मुख्य अतिथि वरिष्ठ खंड न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने शिविर में उपस्थित छात्राओं को संबोधित करते हुए संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम, न्यायालयीन प्रक्रिया, विधिक सहायता और सलाह से संबंधित विषयों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की जानकारी होना भी आवश्यक है।

शिविर व पौधारोपण में एडवोकेट निर्मल कुमार साहू, एडवोकेट विनय झारिया, पत्रकार भीमशंकर साहू, महेश कुमार साहू (लिपिक), महेंद्र कुड़ापे, सरपंच अनूप कुशराम, छात्रावास अधीक्षिका मंजू चंद्रौल, महिला पुलिस आरक्षक रूक्मणी पासी सहित विद्यालय की छात्राएं व स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय परिसर में 30 फलदार पौधों का रोपण किया गया। यह गतिविधि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल रही।
इस संयुक्त आयोजन की सराहना छात्रावास प्रबंधन, विधिक सेवा समिति एवं धारा सरस्वती शैक्षणिक एवं समाज उत्थान समिति द्वारा की गई। साथ ही भविष्य में भी इसी तरह के जागरूकता और सेवा कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया।