भीषण गर्मी में शक्ति प्रर्दशन कर किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

प्रमोद कुमार मौर्य नियुक्त हुए भारतीय किसान संघ शहपुरा के तहसील अध्यक्ष

कार्यकारिणी गठन के दौरान महाकौशल प्रांत के संगठनमंत्री भरतभाई पटेल,जनजाति कार्य प्रमुख भागीरथ जी सहित किसान नेता रहे उपस्थित

शहपुरा:- भारतीय किसान संघ जिला शाखा डिंडोरी के तत्वाधान में त्रिवार्षिक कार्यकारणी गठन को लेकर गुप्ता मैरिज गार्डन शहपुरा में किसान सभा का आयोजन किया गया,जिसमें जिला कोषाध्यक्ष विवेकानंद साहू को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया।

किसान सभा में किसानों ने अपनी विभिन्न मूलभूत समस्याओ पर विचार मंथन कर मुख्यमंत्री के नाम नहर सुधार,पेयजल,समस्त तहसीलों और कार्यालय में सीसीटीवी की सुविधा, खाद बीज,पौधारोपण और संरक्षण और गृहग्राम में पदस्थ राजस्व निरीक्षक को हटाने संबंधी 08 बिंदु अनुसार ज्ञापन सौंपा।

सैंकड़ों किसानों ने प्रमोद कुमार मौर्य को तहसील अध्यक्ष बनाए जाने हेतु एकमत से सहमति प्रदान किया जिसके आधार पर निर्वाचन अधिकारी ने श्री मौर्य को तहसील अध्यक्ष नियुक्त किया।

तहसील अध्यक्ष मौर्य ने सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का विस्तार किया जिसमें तहसील मंत्री यतेंद्र कुमार साहू,उपाध्यक्ष सामंत सिंह मरकाम,जगदीश साहू,हरीसिंह परस्ते संयोजिका रेखा पंद्राम सहसंयोजिका सुश्री प्रियंका बरमैया सहित 21 पदाधिकारी नियुक्त किए गए।

किसानों ने चिलचिलाती धूप में रैली निकालते हुए अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन दिया और तत्काल निराकरण करने को कहा जिससे समय रहते वर्षा के पूर्व किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके।

गृहग्राम में पदस्थ अधिकारी राजस्व निरीक्षक बलीराम साहू के मनमानी से परेशान किसानों ने राजस्व निरीक्षक को हटाने के लिए मुख्यमंत्री से निवेदन किया जिससे किसानों का काम सुचारू रूप से हो सके।

आज के कार्यक्रम में भारतीय किसान संघ महाकौशल के संगठन मंत्री भरत पटेल, संघ से भागीरथ ,किसान नेता और अधिवक्ता संघ शहपुरा के अध्यक्ष अधिवक्ता दयाराम साहू जिलाध्यक्ष बिहारीलाल साहू, जिलामंत्री अधिवक्ता निर्मल कुमार साहू सहित लगभग 60 गांवों से आए सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment