
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव में शौर्या साहू अव्वल, 96.17% अंक हासिल

डिण्डौरी।
सीबीएसई बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय धमनगांव की छात्रा कु. शौर्या साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 96.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया है। शौर्या की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है।
विद्यालय के प्राचार्य हर्ष प्रताप सिंह सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने शौर्या को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने इस सफलता को कड़ी मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन का परिणाम बताया।
शौर्या के पिता प्रशांत साहू शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय शहपुरा में वरिष्ठ अध्यापक हैं, जबकि माता श्रीमती संदीपा साहू गृहणी हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है।
शौर्या ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया है।