

विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की फाग गायन प्रतियोगिता में 36 टीमों ने बिखेरा लोकसंस्कृति का रंग,
कांग्रेस नेत्री कृष्णा उरैती के आयोजन में महिला दिवस व रंगपंचमी पर हुआ भव्य होली मिलन
डिण्डौरी/शहपुरा। रंगपंचमी के पावन अवसर पर शहपुरा नगर में होली मिलन समारोहों की धूम देखने को मिली। जगह-जगह आयोजित कार्यक्रमों में फाग गायन, रंग-गुलाल, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ लोगों ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ पर्व मनाया। जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और नगरवासियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
नगर में आयोजित प्रमुख कार्यक्रम में विधायक ओमप्रकाश धुर्वे की पहल पर भव्य होली मिलन समारोह एवं विधायक होली फाग गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और नगरों से आई 36 फाग मंडलियों ने भाग लेकर पारंपरिक लोकसंस्कृति की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। ढोलक, मंजीरा और झांझ की मधुर ताल पर कलाकारों ने होली के पारंपरिक फाग गीत गाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर रंग, संगीत और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रतियोगिता में निघोरी भानपुर (अमरपुर) की टीम ने शानदार प्रस्तुति देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्हें 11 हजार रुपये की परितोषिक राशि से सम्मानित किया गया। वहीं श्री रामजानकी मंदिर शहपुरा सूर्या की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल करते हुए 5,100 रुपये का पुरस्कार प्राप्त किया। कठोतिया (मेहंदवानी) के रामस्वरूप जी के दल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी 36 टीमों को उत्साहवर्धन के लिए 1-1 हजार रुपये की सांत्वना राशि प्रदान की गई।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने फाग गीतों की पारंपरिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया। कलाकारों के गीतों और वाद्य यंत्रों की ताल पर लोग देर तक झूमते नजर आए। इस अवसर पर विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक परंपराओं को जीवित रखते हैं और समाज में प्रेम, सौहार्द तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
कांग्रेस नेत्री कृष्णा उरैती के आयोजन में महिला दिवस व रंगपंचमी पर हुआ भव्य होली मिलन
इसी क्रम में निवास रोड स्थित तेंदूपत्ता गोदाम के सामने वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री सुश्री कृष्णा उरैती द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस एवं रंगपंचमी के अवसर पर भव्य होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहपुरा विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला प्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं और गीत-संगीत व नृत्य के साथ होली के पर्व का आनंद लिया।

कार्यक्रम के दौरान महिला दिवस के महत्व पर भी चर्चा की गई और महिलाओं के सम्मान तथा सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। रंगपंचमी के इस उत्सव में महिलाओं और युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जिससे माहौल पूरी तरह रंगीन और उल्लासपूर्ण बन गया।
रंगपंचमी के अवसर पर पूरे शहपुरा नगर में उत्सव का वातावरण रहा। फाग गीतों की गूंज, ढोल-मंजीरे की थाप और रंग-गुलाल की बौछारों के बीच लोगों ने पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मनाकर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की।