संग्रामपुर माल ग्राम पंचायत में उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

संग्रामपुर माल ग्राम पंचायत में उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

पंचायत में मचा सियासी भूचाल, 14 जनप्रतिनिधियों का खुला समर्थन

 

डिण्डौरी |

शहपुरा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में उस समय पंचायत राजनीति गरमा गई जब उपसरपंच हीरालाल झारिया के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की औपचारिक सूचना अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंप दी गई। इस घटनाक्रम के बाद पूरे ग्राम और आसपास के क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में वर्ष 2022 के निर्वाचन के पश्चात 02 अगस्त 2022 को शपथ ग्रहण संपन्न हुआ था, जिसके बाद हीरालाल झारिया ने उपसरपंच पद का कार्यभार संभाला था। वर्तमान में उनके कार्यकाल को ढाई वर्ष से अधिक समय व्यतीत हो चुका है, ऐसे में नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव लाने की पात्रता पूरी हो चुकी है।

एक तिहाई नहीं, दो-तिहाई से अधिक सदस्यों का समर्थन

ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में कुल 21 निर्वाचित सदस्य (20 पंच एवं 1 सरपंच) हैं। नियमों के अनुसार अविश्वास प्रस्ताव की सूचना के लिए केवल एक तिहाई पंचों का समर्थन आवश्यक होता है, लेकिन इस मामले में इससे कहीं अधिक समर्थन सामने आया है।

सूत्रों के मुताबिक 13 पंचों के साथ स्वयं सरपंच ने भी हस्ताक्षर कर समर्थन दिया है, इस प्रकार कुल 14 निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे प्रस्ताव को मजबूत माना जा रहा है।

पहले कभी नहीं लाया गया था अविश्वास प्रस्ताव

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व उपसरपंच के विरुद्ध कभी भी अविश्वास प्रस्ताव नहीं लाया गया है। साथ ही उनके कार्यकाल की समाप्ति में अभी 6 माह से अधिक का समय शेष है, जिससे यह प्रस्ताव मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993-94 के प्रावधानों के अनुसार पूरी तरह विधिसम्मत बताया जा रहा है।

प्रशासनिक हलकों में तेज हुई हलचल

अविश्वास प्रस्ताव की सूचना धारा 21 एवं संबंधित नियमों के अंतर्गत प्रस्तुत की गई है। सूचना के साथ नियम 3 के उपनियम (1) के अनुरूप निर्धारित प्ररूप भी संलग्न किया गया है।

सूचना प्राप्त होते ही राजस्व एवं पंचायत विभाग में हलचल तेज हो गई है। अब प्रशासन द्वारा नियमानुसार बैठक बुलाने और आगे की प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

सरपंच ने लगाए गंभीर आरोप

अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सरपंच नान सिंह मार्को ने स्पष्ट आरोप लगाते हुए कहा कि- “ग्राम पंचायत संग्रामपुर माल में चल रहे विकास कार्यों में उपसरपंच हीरालाल झारिया द्वारा लगातार व्यवधान उत्पन्न किया जाता है। झूठी शिकायतें की जाती हैं और कराई जाती हैं, जिससे पंचायत के विकास कार्य सुचारू रूप से नहीं हो पा रहे हैं। इसी कारण 14 पंचों के साथ मैंने स्वयं उपसरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के लिए सहमति देकर एसडीएम को आवेदन दिया है।”

एसडीएम कार्यालय में मौजूद रहे ये पंचायत जनप्रतिनिधि 

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के कई पंच उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से नान सिंह मार्को (सरपंच), संतोषी (पंच वार्ड 01), चमेली (वार्ड 02), लल्ला सिंह तेकाम (वार्ड 03), वीरन सिंह तेकाम (वार्ड 05), रघुवीर सिंह परस्ते (वार्ड 06), सिलोचना परस्ते (वार्ड 07), जानकी सैयाम (वार्ड 08), द्रोपती (वार्ड 11), सरिता बाई झारिया (वार्ड 13), रोहनिया बाई (वार्ड 15), विशम्भर सिंह (वार्ड 18), विद्या बाई (वार्ड 19), सेमलाल परस्ते (वार्ड 20) शामिल रहे।

गांव की राजनीति में बड़ा मोड़

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में लंबे समय से अंदरूनी मतभेद चल रहे थे, जो अब खुलकर सामने आ गए हैं। राजनीतिक जानकार इसे ग्राम पंचायत में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।

अब सभी की निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई और प्रस्ताव पर होने वाली बैठक पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि उपसरपंच की कुर्सी बचेगी या संग्रामपुर माल पंचायत को मिलेगा नया उपसरपंच।

Leave a Comment