मीडिएशन से सुलझेंगे विवाद, बढ़ेगा सौहार्द्र — अधिवक्ता संघ शहपुरा में हुई आवश्यक बैठक

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शशिकांता वैश्य की गरिमामय उपस्थिति में हुआ आयोजन

शहपुरा। न्यायिक प्रक्रिया में मीडिएशन (मध्यस्थता) की भूमिका को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सिविल न्यायालय शहपुरा में अधिवक्ता संघ द्वारा एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शशिकांता वैश्य ने मुख्य अतिथि के रूप में अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कराई।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार यह मीडिएशन जागरूकता कार्यक्रम जिले के सभी न्यायालयों में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय शहपुरा के न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम, दिलीप पाटिल, तथा अधिवक्ता संघ शहपुरा के अध्यक्ष दयाराम साहू सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं द्वारा माननीय प्रधान न्यायाधीश का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।

अपने संबोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शशिकांता वैश्य ने कहा कि डिण्डौरी जिला प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है, और यहां के अधिवक्ता समाज में न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में निपटाए गए मामलों पर किसी भी न्यायालय में अपील नहीं होती, जिससे विवादों का स्थायी समाधान होता है और पक्षकारों के बीच सौहार्द्र बना रहता है।

कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ता संघ शहपुरा के अध्यक्ष दयाराम साहू ने शहपुरा न्यायालय में अतिरिक्त जिला न्यायाधीश (एडीजे) खंडपीठ की स्थापना की आवश्यकता पर जोर देते हुए इस दिशा में पहल किए जाने की बात रखी।

कार्यक्रम के समापन पर न्यायाधीश कर्नल सिंह श्याम ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और मीडिएशन जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



Leave a Comment