

मोगली संवाद के तहत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में डिंडौरी जिला प्रथम स्थान पर रहा
सिवनी/डिण्डौरी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय मोगली उत्सव 2025 इस वर्ष 27 अक्टूबर से 29 अक्टूबर तक सिवनी जिले के पेच टाइगर रिजर्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस राज्य स्तरीय आयोजन में मध्यप्रदेश के सभी 55 जिलों से चयनित शिक्षक, शिक्षिकाएँ तथा विद्यार्थी सम्मिलित हुए। प्रत्येक जिले से ब्लॉक स्तर पर चयनित दो छात्र और दो छात्राएँ इस उत्सव में भाग लेते हैं।
डिंडौरी जिले से इस वर्ष चार छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मोगली उत्सव में भाग लिया —
वरिष्ठ वर्ग (छात्रा) : प्रतिज्ञा चौबे, कक्षा 11वीं, सांदीपनि स्कूल, शहपुरा, वरिष्ठ वर्ग (छात्र) : अभय साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगांव, कनिष्ठ वर्ग (छात्रा) : अंशिका झारिया, कक्षा 7वीं, माध्यमिक शाला रनगांव, कनिष्ठ वर्ग (छात्र) : सौरव परस्ते, कक्षा 7वीं, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला ददरगांव।
इन विद्यार्थियों के साथ जनशिक्षक व जिला मास्टर ट्रेनर अश्वनी कुमार साहू तथा शिक्षिका नसीमा खान (सांदीपनि स्कूल, शहपुरा) दल प्रभारी के रूप में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता के विषयों पर विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विशेष रूप से, मोगली संवाद के तहत आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में डिंडौरी जिला प्रथम स्थान पर रहा, जिससे जिले का गौरव पूरे राज्य में बढ़ा। इस उपलब्धि पर सम्मानित किया गया।





