

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा ने की कार्यकारिणी की घोषणा, क्षेत्र में हर्ष की लहर
डिण्डौरी। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा द्वारा मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की नवीन कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। इस कार्यकारिणी में डिण्डौरी जिले से वरिष्ठ महिला कांग्रेस नेत्री संतोषी रामजी साहू को प्रदेश महासचिव के पद पर नियुक्त किया गया है।
संतोषी रामजी साहू पूर्व में महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं और अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने तथा महिलाओं को राजनीति में भागीदारी के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके समर्पण और सक्रियता को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश स्तर पर यह जिम्मेदारी सौंपी है।
उनकी नियुक्ति की जानकारी मिलते ही डिण्डौरी जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। कांग्रेसजनों, महिला कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका स्वागत करते हुए बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि संतोषी साहू के नेतृत्व में महिला कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
महिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि संतोषी साहू हमेशा से ही समाजसेवा, महिला अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए समर्पित रही हैं। उनकी नियुक्ति से जिले की महिलाओं को सशक्तिकरण की दिशा में नई प्रेरणा मिलेगी।
स्थानीय कांग्रेसजनों ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा और प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि यह नियुक्ति डिण्डौरी जिले के लिए गर्व का विषय है।


