

शहपुरा (डिण्डौरी)। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय जबलपुर के संभागीय समन्वयक डॉ. शोभाराम मेहरा, जिला संगठक अधिकारी डॉ. पी. सी. उइके तथा महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. स्वीटी यादव के मार्गदर्शन में शासकीय आदर्श महाविद्यालय शहपुरा की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा सेवा पखवाड़ा अंतर्गत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व एनएसएस इकाई प्रभारी डॉ. एल. एन. साहू एवं सहयोगी डॉ. अनिल झारिया, श्री राम ठाकुर एवं डॉ. परमेश साकेत ने किया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर एवं नगर के वार्ड क्रमांक 2 में साफ-सफाई अभियान, प्रेरणादायी स्वच्छता कार्यक्रम तथा जनजागरूकता गतिविधियों का संचालन किया।
“कूड़ा-कचरा दूर भगाएं, स्वच्छता का संदेश फैलाएं” और “सभी रोगों की एक दवाई, घर में रखो साफ-सफाई” जैसे नारों से नगर गूंज उठा। इसी क्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा गोद ग्राम सुहगी में भी स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया जाना है।
यह अभियान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर तक सतत रूप से संचालित रहेगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विशेष रूप से महाविद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कैलाश भवेदी के कार्य एवं सहयोग भावना की सराहना की गई।