पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) का डिण्डौरी में हुआ विमोचन, सारसडोली बनी नंबर वन पंचायत

पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) का डिण्डौरी में हुआ विमोचन, सारसडोली बनी नंबर वन पंचायत


डिण्डौरी। जिला पंचायत सभाकक्ष डिण्डौरी में मंगलवार को पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) 2022-23 का भव्य विमोचन एवं प्रचार-प्रसार हेतु जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने की। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की प्रतिमा में दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सरपंचों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनिल कुमार राठौर, उपाध्यक्ष अंजू ब्यौहार, सदस्य प्रीतम सिंह, हीरा परस्ते सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में जिले की ग्राम पंचायतों का PAI के 9 प्रमुख विषयों के आधार पर मूल्यांकन कर चयन किया गया।

सारसडोली ग्राम पंचायत (जनपद मेंहदवानी) को प्रथम पुरस्कार (₹11,000) से सम्मानित किया गया। रयपुरा पंचायत (जनपद शहपुरा) को द्वितीय (₹7,100) एवं कनेरी पंचायत (जनपद मेंहदवानी) को तृतीय पुरस्कार (₹5,100) प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त 7 अन्य पंचायतों को ₹2,100 नगद और प्रशस्ति पत्र दिए गए। कुल 10 पंचायतों को नगद पुरस्कार और 10 को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, पुरस्कृत पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण सत्र का संचालन महात्मा गांधी राज्य ग्रामीण प्रशिक्षण संस्थान, जबलपुर से आए नीलेश राय द्वारा किया गया, जबकि संचालन राष्ट्रीय ग्राम स्वराज मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ईश्वर प्रसाद साहू ने संभाला।

जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “PAI 2.0 में डिण्डौरी को राज्य में प्रथम स्थान दिलाना हमारा सामूहिक लक्ष्य होना चाहिए।”

Leave a Comment