डिण्डौरी में छात्रावास के छात्रों का अनोखा प्रदर्शन – हाथों में थाली लेकर किया विरोध, अधीक्षक को हटाने का मिला आश्वासन


डिण्डौरी में छात्रावास के छात्रों का अनोखा प्रदर्शन – हाथों में थाली लेकर किया विरोध, अधीक्षक को हटाने का मिला आश्वासन

डिण्डौरी। जिला मुख्यालय स्थित सीनियर बालक छात्रावास के छात्रों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय चंद्रविजय महाविद्यालय के सामने प्रदर्शन करते हुए अनोखा तरीका अपनाया। छात्रों ने गुणवत्ता विहीन भोजन के विरोध में खाली थालियां  हाथ में लेकर धरना दिया और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

छात्रों का कहना है कि उन्हें पिछले कई महीनों से खराब गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा है, जिससे उनकी सेहत पर असर पड़ रहा है। साथ ही छात्रावास में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है।

छात्रों ने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद न तो अधीक्षक ने ध्यान दिया और न ही विभागीय स्तर पर कोई सुनवाई हुई। इससे क्षुब्ध होकर वे सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी.डी. सोनी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कर छात्रावास अधीक्षक को शीघ्र ही हटाया जाएगा और व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।

इस प्रदर्शन ने एक बार फिर छात्रावासों की बदहाल स्थिति को उजागर कर दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन केवल आश्वासन तक सीमित रहता है या धरातल पर भी बदलाव नजर आता है।


Leave a Comment