
जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव द्वारा “विशाल पशु टीकाकरण कार्यक्रम” का हुआ आयोजन
करौंदी बरगांव इंदौरी डोभी सहित कुल 35 गांवों को शामिल किया गया

डिण्डौरी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा-विभाग के अंतर्गत संचालित प्रकल्प “जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव” जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में समग्र विकास हेतु सतत् संकल्पित लक्ष्य को लेकर कार्य कर रहा है| जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव द्वारा जनजाति बाहुल्य क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, स्वावलंबन, कृषि, गौवंश, कौशल विकास, मातृशक्ति सशक्तिकरण आदि विषयों में लक्षित संकल्प से अनवरत कार्य किए जा रहे हैं, जिससे जनजाति बाहुल्य लोगों का समग्र विकास हो सके| जनजाति कल्याण केन्द्र के नजदीकी गांवों में बरसात होते ही गौवंश एवं अन्य पशुधन जानलेवा बीमारियों से काल कवलित हो जाते थे| गत 9 वर्षों से जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव द्वारा गौ-भैंस वंशीय पशुधन टीकाकरण एवं चिकित्सा के माध्यम से सेवा कार्य किये जाते हैं| रोग प्रतिबंधात्मक टीकाकरण होने के परिणाम स्वरूप गौ-भैंस वंशीय पशुधन की होने वाली आकस्मिक मृत्यु से बचाव होने से क्षेत्रीय कृषक एवं पशुपालक न केवल आर्थिक हानि से बचते हैं साथ ही भरी बरसात में कृषि हेतु गौवंश खरीदने उधार नहीं लेना पड़ता|

जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव द्वारा इस वर्ष बरसात पूर्व 13 जून को जनजाति बाहुल्य लगभग 35 गांवों में एक दिवसीय गौ-भैंसवंशीय पशुधन टीकाकरण किया जायेगा| जनजाति कल्याण केन्द्र महाकौशल बरगांव के अध्यक्ष- मनोहर लाल साहू, सचिव- डॉ.एस.के.बाजपयी, एवं किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष धरम सिंह मरावी ने बताया कि नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर के अंतर्गत पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय जबलपुर तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग डिंडोरी,जबलपुर एवं मंडला के लगभग 200 पशु चिकित्सक एवं सहयोगी स्टाफ आदि द्वारा टीकाकरण किया जायेगा| जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव की प्रबंध समिति द्वारा क्षेत्रीय पशुपालकों से अपने पशुधन में घटसर्प (एच.एस.) बीमारी का प्रतिबंधात्मक टीकाकरण आवश्यक रूप से कराने की अपील की गई है।

करौंदी बरगांव इंदौरी डोभी सहित कुल 35 गांवों में व्यापक स्तर पर पशुओं को लगाए गए टीके
महाकौशल प्रांत की अग्रणी संस्था जनजाति कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव के सौजन्य से शुक्रवार को 35 गांवों में पशु टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। करौंदी बरगांव इंदौरी डोभी सहित कुल 35 गांव शामिल हैं। नानाजी देशमुख पशु चिकित्सा एवं विज्ञान विश्वविद्यालय के द्वारा वहां के चिकित्सकों की टीम ने गांव में घर-घर जाकर पशुओं का टीकाकरण किया। सहायक प्राध्यापक डॉक्टर भावना गुप्ता और एवीएफओ टीएस पट्टा ने बताया कि हमारी टीम के द्वारा पशुओं में घातक रोग की रोकथाम के लिए टीका लगाया जा रहा है, जिससे कि पशुओं को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके। टीकाकरण कार्यक्रम का जनजातीय कल्याण केंद्र महाकौशल बरगांव के महेन्द्र अरजरिया शताब्दी विस्तारक, सतीश चौबे राष्ट्रीय संयोजक अखिल भारतीय मां नर्मदा परिक्रमा सेवा संघ, युवा समाजसेवी भीमशंकर साहू, शारदा नामदेव ने निरीक्षण किया। वहीं पशु मालिकों से संवाद करते हुए बारिश के मौसम में पशुओं की समुचित देखभाल करने की बात कही।