
न्यूज़ डेस्क,मोर डिण्डौरी।
डिण्डौरी क्रिकेट अकादमी के तत्वाधान में बिरसा मुण्डा स्टेडियम में खेली जा रही नमामि देवी नर्मदे गोल्ड कप टूर्नामेन्ट में फाइनल मैच DCA डिंडौरी और जबलपुर के बीच खेला गया।

टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डिंडौरी का शीर्षक्रम कुशल की गेंदबाजी के पूरी तरह से बिखर गया, 8 रन 4 विकेट खोने के बाद डिंडौरी बहुत दबाव में आ गई, लेकिन इस दबाव के बीच भास्कर और अपूर्व ने शुरूआत में पहले सिर्फ सिंगल-डबल और उसके बाद कुछ आक्रामक शैली की बल्लेबाजी करते हुए 120 रनों की साझेदारी की, इस दौरान भास्कर ने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की। इस साझेदारी ने डिंडौरी की मैच वापसी कराई। लेकिन 17वें ओवर में भास्कर 74 के व्यक्तिगत स्कोर पर आउट हो गए और उसके बाद डिंडौरी के शेष बल्लेबाजी ज्यादा स्कोर नहीं कर सकी। इस तरह निर्धारित 20 ओवर में डिंडौरी ने 8 विकेट पर 138 रन का स्कोर किया। जबलपुर की ओर से कुशल ने बेहतरीन गेंदबाजी कर 3 और राहुल ने 2 सफलताएं अर्जित की। 139 रनों की चुनौती के सामने जबलपुर ने आक्रामक शुरुआत करते हुए केवल 4 ओवरों में 38 रन जोड़कर मैच में अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया। इस स्कोर पर राहुल आऊट जरूर हुए, लेकिन दूसरे सलामी बल्लेबाज और पिछले मैच के शतकवीर लखन और अभिनव के बीच 32 रनों की साझेदारी हुई, लखन 32 के स्कोर पर भास्कर की गेंद पर अपूर्व की शानदार स्टंपिंग का शिकार हुए। लेकिन इसके बाद चौथे नंबर पर उतरे सौरभ ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए जबलपुर की जीत का मार्ग प्रशस्त किया। हालांकि 34 रन बनाकर सौरभ के आऊट होने के बाद डिंडौरी ने जल्दी जल्दी तीन विकेट लेकर कुछ चुनौती जरूर रखी, लेकिन तब तक काफ़ी देर हो चुकी थी और इस तरह 19वें ओवर में 6 विकेट खोकर जबलपुर ने लक्ष्य हासिल कर लिया और खिताब पर कब्जा कर लिया। डिंडोरी की ओर से भास्कर ने दो और कप्तान रविराज, नीम और मोनू ने 1-1 विकेट हासिल किए। पुरस्कार वितरण भाजपा जिलाध्यक्ष अवधराज बिलैया के करकमलों में संपन्न हुआ। बेस्ट विकेटकीपर अपूर्व ठाकुर को, बेस्ट बालर रविराज बिलैया को, बेस्ट बेटर जबलपुर के लखन को, प्लेयर ऑफ द मैच संयुक्त रूप से भास्कर और कुशल को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट पीतांबर मरावी को चुना गया। अपने विजेता टीम जबलपुर को 1 लाख और उपविजेता डिंडोरी को 51 हजार नकद प्रदान किए गए। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि अवधराज बिलैया ने खेलों को लगातार प्रोत्साहित करने सुविधाओं का उन्नयन करने का आश्वासन देते हुए दोनों टीमों और आयोजन समिति को दिली मुबारकबाद दीं।
टूर्नामेंट के सभी मैच यूं ट्यूब पर Siddharth Sports चैनल पर सीधे प्रसारित किए गए और मैदान पर रोहित फ्लेक्स की ओर से लगाई गई LED स्क्रीन पर भी दिखाया गया। उल्लेखनीय है कि डिंडौरी में पहली बार टर्फ विकेट पर पूरा टूर्नामेंट आयोजित किया गया।

